मुख्यमंत्री योगी ने सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज जब पुलिस गुंडों को ठिकाने लगा रही हैं तो यह सपा को बुरा लग रहा है। कानून के राज से किसको चिढ़ है यह हर व्यक्ति जानता है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि पुलिस में जल्द ही 30 हजार नई भर्तियां की जाएंगी। कहा कि 60 लाख से अधिक नौजवानों को नौकरी दी जा चुकी है। पुलिस विभाग में वर्ष 2017 से अब तक 1,56,000 पदों पर भर्ती की गई है। वर्तमान में 60,200 पुलिस कार्मिकों की भर्ती हो रही है। मिशन शक्ति के तहत पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण की सुविधा प्रदान की गई है।

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की ओर इशारा कर मुख्यमंत्री योगी बोले, ‘आप तीर्थ यात्री बन करके देश में कहीं घूम आएं। सम्मान मिलेगा और लोग यूपी की कानून व्यवस्था पर भी चर्चा करेंगे। आप संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, लेकिन संवैधानिक पदों पर बैठे महानुभावों के प्रति आप लोगों का दृष्टिकोण क्या है? सपा के सोशल मीडिया हैंडल देखिए। इसे देख सभ्य समाज का कोई भी व्यक्ति लज्जा महसूस करता है। जो मुंह में चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए, वे कहते थे कि यह वीआइपी कुंभ हो गया है।
आपकी (सपा सदस्यों की ओर इशारा कर) परेशानी को मैं समझ सकता हूं, लेकिन प्रदेश की कानून-व्यवस्था के बारे में हर व्यक्ति चर्चा कर रहा है।
योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री