● कानपुर, प्रयागराज, झांसी और हमीरपुर में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा
लखनऊ । धूप की तल्खी बढ़ने के साथ मौसम भी गर्म होने लगा। बुधवार को कानपुर, झांसी, प्रयागराज, हमीरपुर में सीजन और इस साल का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। लखनऊ में तापमान 39.2 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

अमौसी स्थित प्रदेश के मौसम मुख्यालय के अनुसार कई जिलों में तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया जो 37 को पार कर गया। ऐसे में बुधवार गर्म दिन रहा, यह कहा जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। इसके बाद शुक्रवार से तेज पछुआ चलेगी। इससे तापमान में दो दिन थोड़ी गिरावट आएगी। इसके बाद 30 मार्च से हवा की गति कम होने लगेगी और तापमान बढ़ने लगेगा। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रयागराज में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री दर्ज हुआ जो कि सामान्य से 6.2 अधिक है। कानपुर आईएएफ में 40.0 डिग्री, झांसी में सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक 41.1 और हमीरपुर में 40.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।