सीतापुर
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी पाने वाले आरोपी को सात माह की तलाश के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गुलशन कुमार के रूप में हुई है, जो लखनऊ के रायबरेली रोड स्थित आम्रपाली कॉलोनी का निवासी और समाजवादी पार्टी सरकार में दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री तोताराम यादव का पोता है।
जानकारी के मुताबिक, गुलशन ने लखनऊ निवासी अभिषेक कुमार के शैक्षिक प्रमाणपत्रों और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर महोली विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जमुनहां में सहायक अध्यापक की नौकरी

हासिल की थी। उसने 1 जुलाई 2024 को तैनाती ली और 20 सितम्बर तक विद्यालय में नियमित रूप से कार्य करता रहा। विद्यालय में वह खुद को पूर्व राज्यमंत्री का पोता बताकर
रौब भी झाड़ता था।
इसके बाद आरोपी ने एक आकस्मिक और चार चिकित्सा अवकाश लिया और 26 सितम्बर से विद्यालय आना बंद कर दिया। मामला तब खुला जब यू-डायस प्लस पोर्टल पर उसकी जानकारी अपडेट की गई और पता चला कि उन्हीं दस्तावेजों पर एक अन्य शिक्षक पहले से दूसरे जिले में कार्यरत है।
खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र पांडेय ने 6 मार्च 2025 को कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से फरार गुलशन को पुलिस ने सोमवार को उसके लखनऊ स्थित आवास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की विवेचना बड़ागांव चौकी प्रभारी जीतेंद्र सिंह द्वारा की जा रही है।