नई दिल्ली। वेटरन एक्टर धर्मेंद्र को लेकर इस वक्त चर्चाओं का बाजार काफी गर्म है। थोड़ी देर पहले हिंदी सिनेमा के ही-मैन के निधन की झूठी खबर आग की तरह फैली। जिसका खंडन पहले धर्मेंद्र की बेटी और एक्ट्रेस एशा देओल ने किया और अब इस मामले को लेकर सांसद-अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपनी नाराजगी जताई है।
पति धर्मेंद्र की मौत की अफवाह पर हेमा मालिनी का गुस्सा फूटा है और उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसा करने वालों को आड़े हाथों लिया है। आइए जानते हैं कि बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल ने अपने इस पोस्ट में क्या-क्या लिखा है।
धर्मेंद्र की मौत की फेक न्यूज पर हेमा का रिएक्शन
सोमवार से अभिनेता धर्मेंद्र मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है, जिसको लेकर सुपरस्टार सनी देओल ने ही अपडेट दिया है। 11 नवंबर की सुबह धर्मेंद्र की मौत की झूठी खबर तेजी से फैली, जिसको तुरंत ही एशा देओल ने फेक बताकर खारिज किया और हेमा मालिनी ने भी इस मामले पर आपत्ति जताई है। हेमा ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर एक लेटेस्ट ट्वीट किया है और लिखा है-
”ये जो भी हो रहा है वह अक्षम्य है। जिम्मेदार चैनल ऐसे शख्स के बारे में झूठी खबर कैसे फैला सकते हैं, जिसका इलाज की प्रक्रिया ठीक रही है और उसमें असर भी नजर आ रहा है। ये सच में बेहद अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना है। प्लीज आप सबसे निवेदन है कि हमारे परिवार और निजता का पूरी तरह से सम्मान करें।”

Dharmendra के निधन की उड़ी झूठी खबर, बेटी एशा देओल ने दिया पिता की सेहत पर लेटेस्ट अपडेट
नई दिल्ली। अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) का नाम इस वक्त चर्चाओं में बना हुआ है। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती धर्मेंद्र (Dharmendra) की हाल ही में मौत की झूठी खबर फैली, जिसके बाद सुर्खियां तेज हो गईं। अब उनकी बेटी और बॉलीवुड अभिनेत्री एशा देओल (Esha Deol) ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है और बताया है कि उनके पिता जीवत हैं।
एशा ने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर करते हुए धर्मेंद्र की मौत की खबर को महज अफवाह करार दिया है। इसके साथ ही अभिनेत्री ने उनकी हेल्थ का ताजा अपडेट भी साझा किया है।
जीवित हैं धर्मेंद्र
सोमवार से धर्मेंद्र को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आ रही हैं। बीते दिन ऐसी खबर सामने आई थी कि वह वेंटिलेटर हैं और आज सुबह उनके निधन की खबरें तेज हो गईं, जिसका तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जाने लगा। लेकिन वह एशा देओल ने धर्मेंद्र की मौत की खबर को महज अफवाह बताते हुए सच्चाई की तस्वीर पेश की है। एशा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लेटेस्ट पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है-
“मीडिया बहुत जल्दी में हैं और फेक न्यूज फैलाने में तेज चल रही है। मेरे पिता का अब भी इलाज चल रहा है। हम आप सभी से निवेदन करते हैं कि कृपया फिलहाल के लिए हमारे परिवार को प्राइवेसी दें। बाकी मेरे पिता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करने वालों आप सभी को दिल से धन्यवाद।”
इस तरह से एशा देओल ने धर्मेंद्र की हेल्थ पर ताजा अपडेट शेयर किया है और उनके देहांत की खबर का खंडन किया है। कुल मिलाकर कहा जाए तो इस फेक न्यूज को लेकर एशा का गुस्सा मीडिया पर फूटा है।
धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी की बेटी हैं एशा
दरअसल एशा देओल धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी की बड़ी बेटी हैं। एशा अपने पिता के बेहद करीब हैं और उनके साथ आए दिन सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। हाल ही में अपने बर्थडे के मौके पर एशा ने मां हेमा और पापा धर्मेंद्र के साथ एक स्पेशल फोटो को भी शेयर किया था।
Disclaimer: पूर्व में प्रकाशित समाचार में हमने फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र के जीवन से संबंधित जानकारी दी थी. बाद में उनकी बेटी ईशा देओल सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी दी कि मीडिया में प्रसारित एवं प्रचारित समाचार असत्य हैं. इस आधार पर जागरण ने अपने समाचार को अपडेट किया है एवं उसे वेबसाइट से हटा दिया है. दैनिक जागरण अपने पाठकों को समयबद्ध एवं सत्य खबरें देने के प्रति वचनबद्ध है. पाठकों को हुई असुविधा के लिए खेद है.