लखनऊ। राजकीय शिक्षक संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने बुधवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव से मुलाकात की। इसके साथ ही पदाधिकारियों ने राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लंबित मामलों पदोन्नति, वरिष्ठता, ऑफलाइन स्थानांतरण पर जल्द निर्णय लिए जाने की मांग उठाई। निदेशक ने नव निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए इन मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। साथ ही शिक्षक व छात्रहित की शासन की नीतियों को लाभार्थी तक पहुंचाने का सुझाव दिया। इससे पहले राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अधिवेशन में नवनिर्वाचित प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण जीपीओ पार्क में गांधी प्रतिमा के सामने हुआ। कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने अपर शिक्षा निदेशक व्यावसायिक से भी मुलाकात की। इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्यशंकर मिश्र, महामंत्री अरुण यादव, कार्यकारी अध्यक्ष जेडआर खान, प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक कुमार पांडेय, पुरुषोत्तम प्रजापति व कंचनमाला, प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार व विवेक सिंह, सुनीता देवी पटेल आदि शामिल थे।
