मेजा के भसुंदर कला में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में गिरने से बाइक सवार शिक्षक की मौत के बाद जांच करती मेजा पुलिस। संवाद
मेजा । इलाके के भसुंदर कला गांव के समीप बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे अनियंत्रित होकर बाइक सवार शिक्षक सड़क किनारे छह फीट गड्ढे में गिर गए। बाइक ऊपर गिरने की वजह से वह पानी भरे से गड्ढे बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से शव को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा कि सड़क को बनाने के दौरान समतलीकरण के लिए किनारे से मिट्टी की खोदाई की गई थी। जिस वजह से करीब छह फीट गड्ढा हो गया था और उसमें बारिश का पानी जमा था।
माता-पिता की इकलौती संतान की मौत की सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता बेसुध हो गए।
मेजा के भसुंदर कला गांव के सामने सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई घटना
वहीं, अन्य परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को लेकर घर चले गए। मेजा के जनवार गांव के समाजसेवी सिद्धांत तिवारी के इकलौते बेटे पार्थ तिवारी (25) लखनपुर के राष्ट्रीय शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। वह बुधवार को बाइक से किसी काम से भसुंदर गांव जा रहे थे। भसुंदर कला के समीप पहुंचने पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। जिस वजह से वह बाइक को बैलेंस नहीं कर सके और पानी भरे गड्ढे में गिर गए।
व्यस्ततम मार्ग होने की वजह से हादसे के बाद दर्जनों लोग एकत्रित हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक बाइक के नीचे दब गया था। जिस वजह से वह बाहर नहीं निकल सका। पानी भरे गड्ढे से सिर्फ बाइक का हैंडल ही दिख रहा था। लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।