#सुल्तानपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में कथित सिंडिकेट बनाकर वसूली के आरोपों के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। निलंबित शिक्षक नरेंद्र पांडेय ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता से मुलाकात कर लिखित पत्र सौंपते हुए खुद को गलतफहमी का शिकार बताया। साथ ही बीएसए की सत्यनिष्ठा पर विश्वास जताते हुए खेद प्रकट किया।
गौरतलब है कि नरेंद्र पांडेय ने पूर्व में मुख्यमंत्री से शिकायत कर निलंबन व बहाली के नाम पर सिंडिकेट बनाकर वसूली का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद विभागीय हलकों में खलबली मच गई थी। मंगलवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के साथ बीएसए कार्यालय पहुंचे शिक्षक ने कहा कि उन्हें कुछ भ्रामक तथ्यों के आधार पर गुमराह किया गया। उन्होंने पत्र के माध्यम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई और दावा किया कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई गलत तथ्यों पर आधारित है।
बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने शिक्षक की बातों को गंभीरता से सुनते हुए पारदर्शी व नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। शिक्षा विभाग में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।