लखनऊ। 69000 शिक्षक भर्ती में जारी 6800 सूची के अभ्यर्थियों ने राजधानी के ईको गार्डन में चल रहे धरना स्थल पर ही होली मनाई। इसके साथ ही अभ्यर्थियों ने सीएम से पूंछा कि आखिर हमारी होली कब मनेगी? धरने में मौजूद अभ्यर्थियों ने कहा कि 69000 शिक्षक भर्ती मामले में प्रदेश सरकार शुरू से ही हीलाहवाली करती रही है। इसी वजह से यह मामला सुप्रीम कोर्ट में चला गया। वहां भी सरकार अपना पक्ष ठीक से नहीं रख रही है। इसकी वजह से सुप्रीम कोर्ट में तारीख पर तारीख लग रही है।
अभ्यर्थियों का नेतृत्व कर रहे धनंजय गुप्ता ने कहा कि इस मामले में अगली सुनवाई 19 मार्च को है। हमारी मांग है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता भेजकर इस मामले को जल्द से जल्द निस्तारित कराए।
उन्होंने कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में 6800 सूची के अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने का काम करे। धरने में रणजीत सिंह, नीरज गुप्ता, दीपक कुमार, चंद्रशेखर आदि शामिल थे।