, प्रयागराज : पूर्व की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यूपी बोर्ड ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल हुए छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है। पिछले वर्ष कई परीक्षार्थियों के पास बोर्ड का कर्मचारी बनकर साइबर ठगों ने रुपये के बदले अंक बढ़वाने का प्रलोभन देकर ठगने का प्रयास किया था। चूंकि शनिवार को मूल्यांकन कार्य पूरा हो रहा है, इसलिए अब साइबर ठगों के सक्रिय होने की आशंका है।

बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों को सचेत किया है कि ठग फोन काल, मैसेज या ईमेल के जरिये संपर्क कर अंक बढ़वाने का झांसा दे सकते हैं और इसके बदले पैसे की मांग कर सकते हैं। कई मामलों में ये अपराधी बोर्ड के कर्मचारियों का नाम लेकर खुद को अधिकृत बताने की कोशिश करते हैं तथा मुख्य डेटाबेस तक पहुंच होने का झूठा दावा करते हैं। सचिव ने
किसी भी संदिग्ध काल या संदेश पर ध्यान न दें परीक्षार्थी व अभिभावक
स्पष्ट किया है कि बोर्ड के कर्मचारी कभी व्यक्तिगत रूप से परीक्षार्थियों से संपर्क नहीं करते हैं और न ही अंक सुधार के लिए किसी प्रकार का भुगतान लिया जाता है। परीक्षार्थी व अभिभावक किसी भी संदिग्ध काल या संदेश पर ध्यान न दें तथा अपनी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। ऐसे मामलों की तुरंत शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक को दें। ऐसे मामलों में पुलिस के सहयोग से साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ आइटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की जाएगी।