लखनऊ : राजधानी समेत प्रदेशभर में सोमवार को मौसम साफ रहने और तेज धूप खिलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। लखनऊ में अधिकतम पारा 33.4 और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पश्चिमी विक्षोभके एक बार फिर सक्रिय होने के कारण मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को 50 से अधिक जिलों में 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी, ओलावृष्टि और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कानपुर, लखनऊ, मेरठ, आगरा और वाराणसी समेत कई जिलों में अगले दो दिन गरज-चमक की चेतावनी भी जारी की गई है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे प्रदेश में मौसम अस्थिर होगा। इसके प्रभाव से अगले तीन दिन यानी गुरुवार तक तेज आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा। कई स्थानों पर 40
से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान का डर है। गेहूं की कटाई के समय इस तरह का मौसम फसलों को बर्बाद कर सकता है। पहले से ही कई जिलों में ओलावृष्टि से फसलें प्रभावित हो चुकी हैं। बुधवार और गुरुवार को अधिकतम तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 10 अप्रैल से मौसम साफ हो जाएगा और तेज धूप निकलने से तापमान में वृद्धि होगी।
इन जिलों में होगी ओलावृष्टि :
गुरुवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, संत रविदास नगर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर समेत 50 से अधिक जिलों में 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेगी और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है।