लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लोक भवन में सुबह 10:30 बजे कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें करीब एक दर्जन से अधिक प्रस्तावों को स्वीकृति मिल सकती है। सबसे अहम प्रस्ताव बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाने से संबंधित है। इनका मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किया जाएगा। वर्ष 2017 के बाद अब इनका मानदेय बढ़ने जा रहा है। इन्हें एक अप्रैल से बढ़ा हुआ मानदेय दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा विधानमंडल के
बजट सत्र के दौरान की थी।
दूसरा अहम प्रस्ताव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग का है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत निश्शुल्क टैबलेट वितरण के लिए प्रकाशित किए जाने वाले अंतिम बिड अभिलेख को कैबिनेट की स्वीकृति ली जाएगी। परिवहन विभाग द्वारा सार्वजनिक निजी सहभागिता (पीपीपी) पद्धति पर उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के बस स्टेशनों को द्वितीय चरण में विकसित कराने के लिए बिड डाक्यूमेंट भी कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।