लखनऊ। होमगार्ड परीक्षा के पहले दिन 75.33 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्रदेश के 74 जिलों के 1053 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई। एटा और कानपुर में परीक्षा में सेंधमारी करने की कोशिश नाकाम की गई। शिक्षक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ परीक्षा
अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के मुताबिक दोनों पालियों की परीक्षा के लिए कुल 8,44,066 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से 6,35,856 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। रविवार और सोमवार को भी परीक्षा
आयोजित की जाएगी। बोर्ड के मुताबिक परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस के साथ एसटीएफ भी निगरानी कर रही है। यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाले हाथरस के तेजवीर सिंह और लोकवाणी केंद्र संचालक अभिषेक उर्फ गोलू के
खिलाफ थाना सकीट में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीएवी इंटर कॉलेज केंद्र पर बायोमेट्रिक स्कैनिंग के दौरान तेजवीर का डेटा नॉट फाउंड आने पर फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। जांच में प्रवेश पत्र के अनुक्रमांक और सेंटर कोड कूटरचित पाए गए, जिसे अभिषेक ने तैयार किया था ।