प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका पालन पूरे प्रदेश में करने पर जोर दिया था। इस मुहिम का प्रदेशव्यापी असर देखने को मिल रहा है। कैबिनेट मंत्री से लेकर पार्षद तक इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना गुरुवार को अपने सरकारी आवास-10 कालिदास मार्ग से विधानसभा स्थित कार्यालय तक साइकिल से पहुंचे। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने इलेक्ट्रिक व्हीकल का इस्तेमाल किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर ‘उनकी काशी’ में दिखने लगा है। प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) सिंगल कार का प्रयोग शुरू किया तो वाराणसी कैंट विधायक सौरव श्रीवास्तव ने अपने क्षेत्र में साइकिल चलाई। महापौर अशोक तिवारी गुरुवार को आवास से पैदल ही नगर निगम कार्यालय पहुंचे। वाराणसी नगर निगम शनिवार को ‘नो फ्यूल डे’ के रूप में मनाएगा। गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने अब बिना स्कॉर्ट वाहन के आना-जाना शुरू कर दिया है। सांसद रविकिशन शुक्ल अब दो गाड़ियों के साथ ही निकल रहे हैं। विधान परिषद की संसदीय समितियों के पूर्व निर्धारित भ्रमण कार्यक्रमों को भी स्थगित कर दिया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने घटाया काफिला
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री की अपील पर अमल करते हुए अपने काफिले में वाहनों की संख्या घटा दी है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में बचत और स्वदेशी की भावना को अपनाएं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने छोड़ा एस्कॉर्ट
प्रयागराज में डीएम मनीष कुमार वर्मा, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने एस्कॉर्ट छोड़ दी है। ये प्रशासनिक अधिकारी अपने वाहन से चल रहे हैं।
प्रयागराज महापौर उमेश चन्द गणेश केसरवानी का कहना है कि सदन में फैसला लिया गया है कि सभी पार्षद चार पहिया वाहनों की जगह में अब दो पहिया वाहनों से अपने क्षेत्र में जाएंगे। मुरादाबाद के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह साइकिल से अपने कार्यालय पहुंचे। रामपुर के डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बैठकें भी वर्चुअल कीं।
एक दिन सार्वजनिक वाहन से चलें: योगेंद्र
उच्च शिक्षण संस्थानों व कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों को हफ्ते में एक दिन सार्वजनिक वाहन से दफ्तर आने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने बैठक कर यह दिशा-निर्देश दिए। वहीं उद्यान राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि वे प्रत्येक शुक्रवार को “नो व्हीकल डे” मनाएं। वे गुरुवार को स्वयं भी अपने सरकारी आवास से ऑटो से उद्यान भवन पहुंचकर नजीर पेश की।