शिक्षक संघ ने बीईओ और कर्मियों पर लगाए आरोप
सिंधुरा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष शुक्ल और मंत्री संजय कुमार पांडेय समेत अन्य पदाधिकारियों ने बीईओ और बीआरसी कर्मियों पर भ्रष्टाचार तथा शिक्षकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। संगठन ने मुख्यमंत्री, महानिदेशक स्कूल शिक्षा और अन्य अधिकारियों को रजिस्टर्ड डाक से ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ज्ञापन में बीईओ हरिओम तिवारी के साथ दो कर्मियों पर अवैध वसूली के आरोप लगाए गए हैं। संघ का कहना है कि विद्यालयों के मरम्मत कार्य की धनराशि, विभागीय कार्यों और मानव संपदा पोर्टल पर त्रुटि सुधार के नाम पर धन उगाही की जाती है।
आरोप है कि धन न देने वाले शिक्षकों को विभागीय कार्रवाई और निलंबन का भय दिखाया जाता है। फर्जी शिकायतों के निस्तारण के नाम पर भी वसूली किए जाने का आरोप लगाया गया है। संघ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बैंक खातों की जांच कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, 15 दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बीईओ ने सभी आरोपों को निराधार बताया
उधर, बीईओ हरिओम तिवारी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि एक शिक्षक के निलंबन से नाराज कुछ लोग बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।