Weather update : उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज , इन जिलों में भारी बारिश के आसार

by Manju Maurya

लखनऊ । सुबह के कोहरे के बाद सोमवार को दिनभर निकली धूप ने लोगों को राहत तो जरूर दी। हालांकि, शाम होते- होते हवाओं ने गलन का एहसास भी करवाया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मौसम साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि, घने कोहरे के साथ पूर्वी यूपी में शीतलहर की चेतावनी भी जारी हुई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अफगानिस्तान से होकर पाकिस्तान से होते हुए जम्मू कश्मीर से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण नौ फरवरी को प्रदेश भर में हल्की बारिश होने के आसार हैं। वही 10 फरवरी को मुख्यतः मौसम साफ रहेगा लेकिन पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को मौसम साफ रहेगा। दिन के समय तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। इसके बाद नौ और 10 फरवरी को बारिश हो सकती है।

सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस वहीं, न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दो दिनों में प्रदेश भर में अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस के मध्य हो सकता है। सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झांसी में 28.2 डिग्री, आगरा में 25.8 डिग्री और प्रयागराज में 25.3 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश का न्यूनतम तापमान कानपुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस और फुर्सतगंज में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

You may also like