प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने 13 जुलाई को प्रस्तावित अपर निजी सचिव (एपीएस) भर्ती-2023 के तृतीय चरण की परीक्षा स्थगित कर दी है।
साल भर पहले हुई थी दूसरे चरण की परीक्षा रिजल्ट का इंतजार

द्वितीय चरण की परीक्षा से संबंधित कार्यवाही प्रक्रियाधीन होने के कारण तृतीय चरण की परीक्षा स्थगित की गई है। आयोग के अनुसचिव शैलेंद्र सिंह के अनुसार तृतीय चरण की परीक्षा तिथि आगामी कैलेंडर में समायोजित कर शीघ्र घोषित की जाएगी। आयोग ने एपीएस के पदों पर भर्ती के लिए 19 नवंबर 2023 को विज्ञापन जारी किया था। तीन चरणों की परीक्षा के माध्यम से एपीएस के 331 पदों पर भर्ती होनी है। पहले चरण की लिखित परीक्षा सात जनवरी 2024 को प्रयागराज समेत प्रदेश के पांच जिलों में आयोजित की गई थी।
आयोग ने चार मार्च 2024 को पहले चरण की परीक्षा का परिणाम जारी किया था जिसमें 5889 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। दूसरे चरण में शॉटहैंड व कंप्यूटर पर टाइप टेस्ट की परीक्षा होनी थी जो आठ जून से 18 जुलाई 2024 तक लखनऊ नगर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा का परिणाम अब तक घोषित नहीं किया गया है।