छह माह में 644 शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों पर कार्रवाई
स्कूलों से गैरहाजिर रहने वाले 10 शिक्षक निलंबित
सीतापुर, संवाददाता। परिषदीय स्कूलों में गैर हाजिर रहने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों से नदारद रहने वाले शिक्षकों का खाका तैयार कर लिया है। जिसके बाद इन शिक्षकों पर कार्रवाई की गाज गिरना तय है। बीते दो महीने के भीतर विभाग ने 10 गैर हाजिर शिक्षकों को निलंबित किया है। इतना ही नहीं बीते करीब छह महीने में हुई जांचों में 644 शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों के स्कूलों से नदारद पाए जाने पर प्रतिकूल प्रविष्टि, वेतन कटौती व चेतावनी जारी की गई है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया नियमित रूप से स्कूल न जाने वाले शिक्षकों के लिए विभाग ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें जिले के परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण करेगी। निरीक्षण में स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा। साथ ही अनुपस्थित मिलने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। बीएसए ने बताया कि बीते 15 दिनों में इस अभियान के दौरान मछरेहटा,
परसेंडी, खैराबाद, मिश्रिख, पहला, गोंदलामऊ आदि ब्लॉकों में टीम के द्वारा करीब 140 स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया है। जिसमें टीमों को करीब 45 शिक्षक अनुपस्थित मिले हैं। इन सभी को नोटिस जारी की गई है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बीएसए ने बताया बीते दो महीने के भीतर स्कूल में अनुपस्थित मिलने वाले करीब 10 शिक्षकों को निलंबित किया गया है। बीते छह माह के दौरान स्कूलों के निरीक्षण में 644 शिक्षक अनुपस्थित मिले हैं।