कौशांवी कोखराज क्षेत्र के एक पीएमश्री विद्यालय में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कक्षा चार की दलित छात्रा ने जब सहायक अध्यापक कुलदीप साहू द्वारा किए गए बैड टच का विरोध किया, तो आरोपित शिक्षक ने उसकी सहपाठियों के सामने बेरहमी से पिटाई कर दी। छात्रा के पिता के विरोध पर शिक्षक ने उनसे भी अभद्रता की। मामला फैलते ही गांव में आक्रोश पनप गया। ग्राम प्रधान की शिकायत पर बीईओ ने जांच शुरू की और पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मारपीट, धमकी, एससी एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी को सौंपी गई है। :

कोखराज इलाके में रहने वाले पीड़ित ने बताया कि उसकी बेटी पीएमश्री विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा है। प्रतिदिन की तरह 10 नवंबर को बेटी स्कूल गई थी।
कोखराज क्षेत्र के एक गांव स्थित पीएमश्री विद्यालय में हुई घटना
मारपीट, एससीएसटी में मुकदमा दर्ज, सीओ करेंगे जांच
आरोप है कि वहां सहायक अध्यापक कुलदीप साहू ने बेटी को बैड टच किया। विरोध करने पर शिक्षक ने लात-घूसों से बेटी की पिटाई कर दी। सहपाठी बच्चों के सामने पीटी गई बेटी ने घर आकर घटना की जानकारी दी तो वह उलाहना देने स्कूल पहुंचा। आरोप है कि शिक्षक ने उसके साथ अभद्रता की। जानकारी होने पर अभिभावकों के बीच आक्रोश फैल गया। ग्राम प्रधान ने मामले की शिकायत बीईओ सिराथू प्रज्ञ प्रज्ञा सिंह से की। साथ ही छात्रा के पिता ने पुलिस को तहरीर दिया, बीईओ ने बुधवार को विद्यालय जाकर पीड़ित छात्रा, अभिभावकों व अन्य विद्यार्थियों का बयान दर्ज किया।
अवकाश पर होने के कारण आरोपित शिक्षक का बयान नहीं लिया जा सका। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर कोखराज चंद्रभूषण मौर्य का कहना है कि प्रकरण दलित उत्पीड़न से जुड़ा होने के कारण मामले की जांच सीओ सिराथू को ट्रांसफर कर दी गई है बैड टच की धारा न लगाने के सवाल पर बोले कि अभी दुष्प्रेरण की प्रकृति के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं।
धमकी व पिटाई से सहमी सगी बहनों ने छोड़ा स्कूल
कौशांबी फोन पर अश्लील बात करने का विरोध करने पर दबंग युवक ने स्वजन के साथ मिलकर मां-बेटियों को जमकर पीटा। फोन करके बेटियों को घर से बाहर निकलने पर बेइज्जत करने की धमकी दी। इससे परेशान सगी बहनों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर कोखराज कोतवाली पुलिस ने मनबढ़ व उसके पिता सहित पांच के खिलाफ मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है। नगर पालिका परिषद भरवारी के एक मुहल्ला निवासी महिला ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी भरवारी स्थित कस्तूरबा गांधी इंटर कालेज में पढ़ती छोटी बेटी भी उसी स्कूल में पढ़ाई करती है। पीड़िता के मुताबिक दो नवंबर को वह खेत गई थी। घर पर बड़ी बेटी थी। इस दौरान टीकरडीह निवासी परमेश ने घर के नंबर पर फोन किया। फोन बेटी के रिसीव करने पर आरोपित ने उसके साथ अश्लील बातें की। इस पर बेटी ने फोन काट दिया। इसके बाद उसी दिन आरोपित ने नौ बार बेटी को फोन करके परेशान किया। बेटी ने इसकी जानकारी उसे दी तो वह बेटियों के साथ उसके घर पहुंची और परमेश को बुलाकर उलाहना दी। इस पर उसने स्वजन के साथ मिलकर उसे व दोनों बेटियों को बेरहमी से पीटा। घटना की शिकायत पुलिस से की गई। आरोप है कि पुलिस ने काल रिकार्डिंग लाने के लिए कहकर कोई कार्रवाई नहीं की। इससे मनबढ़ आरोपित ने तीन नवंबर को अपने पिता लल्लू के साथ मिलकर उसे व बेटियों को फिर बेरहमी से पीटा। बेटी का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित करने की धमकी दी। हालांकि, दैनिक जागरण ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पीड़िता के मुताबिक आरोपितों ने उसकी दोनों बेटियों के साथ अनहोनी करने की धमकी दी। इससे खौफजदा बेटियों ने स्कूल जाना बंद कर दिया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर कोखराज चंद्र भूषण मौर्य का कहना है कि मुकदमा कायम कर लिया गया है। जल्द मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।