हरदोई
अमृत विचार। बीएलओ की पत्नी को उसके रात-दिन का तनाव नहीं देखा गया और उसने कमरा बंद कर आत्महत्या कर ली। मां को खोजते हुए उसकी 12 साल की बेटी मकान के ऊपर कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। बेटी के रोने की आवाज पर घर के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो वहां महिला का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव कब्ज़े में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली शहर के पिहानी चुंगी सिविल लाइन निवासी अजय यादव टड़ियावां ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय सढ़िला में शिक्षक हैं और बीएलओ की ड्यूटी कर रहे हैं। बताया गया कि इन
एसआईआर कार्य के चलते पति के दिन-रात तनाव में रहने से परेशान थी महिला
दिनों अजय यादव एसआईआर फार्म को लेकर काफी तनाव में थे। अजय की पत्नी एकता यादव (40) पति के रात-दिन के तनाव को लेकर परेशान थी। सोमवार को अजय ड्यूटी पर चला गया। उसकी 12 साल की बेटी सृष्टि स्कूल चली गई। दोपहर में सृष्टि जब स्कूल से घर पहुंची तो वह मां को पुकारते हुए खोजने लगी। उसके बाद वह ऊपर कमरे में देखने गई। लेकिन वहां अंदर से दरवाज़ा बंद होने पर वह रोने लगी। उसके रोने की
आवाज सुनकर घर वाले दौड़े। कमरे में झांककर देखा तो एकता यादव का शव फांसी पर लटक रहा था। दरवाज़ा तोड़कर उसे बाहर निकाल कर मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
एकता का मायका शहर के राधा नगर मोहल्ले में था। सूचना मिलने पर एकता यादव का बड़ा भाई अरविंद मौके पर पहुंचा। कहा जा रहा है कि पति के तनाव में रहने से परेशान होकर एकता यादव ने ऐसा कदम उठाया। एकता यादव भी शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) कर चुकी थी, लेकिन उसे नौकरी नहीं मिली थी। साथ ही उसके गर्भाशयमें गांठ होने का इलाज भी चल रहा था। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।
