विद्यालयों में 26 जनवरी, 2026 के पूर्व रंगाई-पुताई कराने तथा मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं से संतृप्त करने के सम्बन्ध में।
महोदय/महोदया,
कम्पोजिट स्कूल ग्राण्ट 2025-26 के अन्तर्गत स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष शत-प्रतिशत धनराशि जनपदों को अवमुक्त की जा चुकी है, जिसके द्वारा विद्यालयों की स्वच्छता, रंगाई-पुताई, पेयजल व्यवस्था एवं शौचालयों की क्रियाशीलता, छोटी-मोटी मरम्मत इत्यादि कार्य कराये जाने के निर्देश हैं। आप अवगत हैं कि ‘गणतंत्र दिवस’ के राष्ट्रीय पर्व है तथा समस्त संस्थाओं एवं कार्यालयों के साथ-साथ प्रत्येक विद्यालय में ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। आगामी 26 जनवरी, 2026 के अवसर पर समस्त विद्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सौन्दर्यपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किये जाने के सम्बन्ध में निर्देशित किया जाता है किः-
विद्यालय परिसर में अवस्थित भवन, कक्षाओं, कार्यालय कक्ष, बरामदा, शौचालय, पेयजल स्थल, रसोईघर इत्यादि सभी की रंगाई-पुताई करा ली जाये। विद्यालय की पुताई से पूर्व विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, अपशिष्ट निस्तारण कराते हुए स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाये।
क्षतिग्रस्त संरचना/उपकरण तथा अक्रियाशील शौचालयों एवं पेयजल व्यवस्था को क्रियाशील करा लिया जाये।
ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत निर्धारित 19 पैरामीटर्स पर मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं का शत-प्रतिशत संतृप्तीकरण नहीं हो सका है। अतः अन्तर्विभागीय समन्वय करते हुए 26 जनवरी, 2026 से पूर्व कराने के सम्बन्ध में कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
जनपदों द्वारा प्रेरणा पोर्टल पर ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं के निर्धारित पैरामीटर्स पर शत-प्रतिशत संतृप्तीकरण की प्रगति एवं फोटोग्राफ जियो टैग के माध्यम में प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। उक्त सन्दर्भ में विद्या समीक्षा केन्द्र के माध्यम से तथा अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, उ०प्र० शासन द्वारा आगामी बैठकों में समीक्षा की जायेगी।
अतः प्रकरण को प्राथमिकता प्रदान करते हुए कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।

