महोबा। जिले में मिड-डे-मील की हकीकत उजागर करता वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में रसोईया एक बाल्टी पानी में दो पैकेट दूध मिलाती नजर आ रही है। यह वीडियो ढिकवाहा गांव के प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया में वायरल दो अन्य वीडियो में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सोते नजर आ रहीं हैं। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। बीएसए ने प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है।
वायरल वीडियो में एक रसोइया पानी से भरी बाल्टी में दो पैकेट दूध डालती नजर आ रही है। इसके बाद इस हल्के सफेद रंग के मिश्रण को बच्चों में बांटा गया। वीडियो में प्रधानाध्यापिका बच्चों को दूध पीने के लिए बुलाती भी सुनाई दे रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में केवल भोजन ही नहीं बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता से भी समझौता किया जा रहा है।
उन्होंने कि प्रधानाध्यापिका अक्सर स्कूल समय में सोती हुई पाई जाती हैं और बताया
नियमों को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से स्कूल चलाती हैं। दो अन्य वायरल वीडियो में प्रधानाध्यापिका क्लासरूम में सोती नजर आ रही हैं। किसी ने यह वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। लोग वायरल वीडियो में तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। कोई कह रहा है कि दूध में पानी मिलाते तो सुना है लेकिन पानी में दूध मिलाते वीडियो पहली बार देखा है।
यह वीडियो जिले में मिड-डे-मील के हकीकत की पोल खोल रहा है। उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा का कहना है कि ब्लॉक कबरई के प्राथमिक विद्यालय ढिकवाहा में दूध में पानी मिलाए जाने और प्रधानाध्यापिका के क्लास रूम में सोने के वीडियो सामने आए हैं। वायरल वीडियो में लापरवाही और उदासीनता की पुष्टि हो रही है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मोनिका सोनी को निलंबित किया गया है। उन्हें पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिजहरी से संबद्ध किया गया है। इस तरह की लापरवाही व मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पोषण और शैक्षिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।