लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा समूह ग की भर्तियों के लिए अर्हकारी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में अभ्यर्थियों ने न्यूनतम कटऑफ (परसेंटाइल) निर्धारित किए जाने की मांग की है। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को ज्ञापन दिया है।

अभ्यर्थियों ने कहा कि पीईटी में न्यूनतम कटऑफ तय न होने की वजह से ऊपर की मेरिट के ही अभ्यर्थियों को ज्यादातर भर्तियों में आवेदन करने का मौका मिलता है। वे एक साथ कई भर्तियों में शार्ट लिस्ट होते हैं जबकि चयनित एक में ही होते हैं। इसकी वजह से दूसरे पीईटी के अभ्यर्थियों के हाथ से महत्वपूर्ण मौका निकल जाता है। इसे देखते हुए सीसैट, यूपीटीईटी, सीटीईटी, नीट पीजी की तहर इसके लिए भी न्यूननतम कटऑफ तय की जाए। अभ्यर्थियों ने कहा कि कटऑफ निश्चित ना होने से योग्य अभ्यार्थियों का समय व पैसा दोनों की बर्बादी होती है। अभ्यर्थियों का मानसिक उत्पीड़न भी होता है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के जनता दरबार में मिलकर इस मामले में ज्ञापन दिया है। वहां से उन्हें सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन मिला है।