151 स्कूलों में नहीं पहुंची बिजली अधिशासी अभियंताओं को नोटिस
प्रयागराज। जिले के 218 विद्यालयों में बिजली कनेक्शन के लिए विद्युत विभाग को वर्ष 2023-24 में तीन करोड़ 82 हजार 207 रुपये मिले थे लेकिन 151 स्कूलों तक अब तक कनेक्शन नहीं हुआ। इस लापरवाही पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हर्षिका सिंह ने सभी संबंधित अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट में मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक के दौरान विद्युत विभाग की इस लापरवाही पर सीडीओ काफी नाराज हुईं। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को बैठक में अनुपस्थित खंड शिक्षा
में बिजली कनेक्शन के लिए आवंटित किए गए थे तीन करोड़ 82 हजार 207 रुपये
अधिकारियों (बीईओ) का स्पष्टीकरण लेने के लिए भी कहा।
उन्होंने कोरांव, होलागढ़ और धनुपुर में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत निपुण प्लस एप पर फीडिंग कम पाए जाने पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने चाका ब्लॉक में आधारविहीन बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र के लिए लंबित फॉर्मों की संख्या अधिक होने पर खंड शिक्षा अधिकारी चाका से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए सभी 19 पैरामीटरों के संतृप्तीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के बारे में रिपोर्ट पेश करने को कहा। जर्जर भवनों की समीक्षा करते हुए मूल्यांकन समिति द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए चिह्नित विद्यालयों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
साथ ही कहा कि सत्र-2026-27 के लिए राज्य परियोजना कार्यालय मूल भवन एवं अतिरिक्त कक्षा की मांग की जाए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि एमआर की अतिरिक्त डोज के लिए टीकाकरण कार्यक्रम को स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर सभी विद्यालयों में कराया जाए।