प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद वर्ष-2026 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाएं अब चार फरवरी तक होंगी। प्रथम चरण में 24 जनवरी से एक फरवरी तक तथा द्वितीय चरण में दो फरवरी से नौ फरवरी तक कार्यक्रम निर्धारित था।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में एक फरवरी तक कुछ विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं शेष रह जाने के कारण छात्रहित में प्रथम चरण की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं की अंतिम तिथि एक से बढ़ाकर चार फरवरी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चार फरवरी तक प्रत्येक दशा में इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्ण रूप से संपन्न करा ली जाएं।
कुछ विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं शेष रह जाने के कारण परिषद ने बढ़ाई तिथि
पहले भी हुआ था आंशिक बदलाव प्रस्तावित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता (यूपी टीईटी) परीक्षा को देखते हुए 16 दिसंबर को मंडलवार इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाएं प्रथम चरण के मंडलों में 29 एवं 30 जनवरी को नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन, शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से 20 जनवरी को निर्गत परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 29 एवं 30 जनवरी को टीईटी का आयोजन न होने के कारण इन तिथियों में भी बोर्ड की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई गईं।