माह-ए-रमजान के 29 रोजे गुरुवार को पूरे हो गए। शाम को सभी माह-ए-शव्वाल माह का चांद देखने का बेसब्री से इंतजार करते दिखे। उलमा किराम ने चांद देखने की कोशिश की।
मौसम साफ होने के बाद भी चांद नजर नहीं आया। और देश के अन्य किसी हिस्से से भी चांद के नजर आने की कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं आई। मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली और शिया धर्मगुरुआ मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने बताया कि शव्वाल माह का चांद नजर नहीं आया है इसलिए ईद-उल-फित्र का त्योहार शनिवार 21 मार्च को अकीदत, मुहब्बत व रवायत के अनुसार मनाया जाएगा। शुक्रवार 20 मार्च को 30वां रोजा रखा जाएगा और माह-ए-रमजान के अंतिम जुमा की नमाज अदा की जाएगी।
बड़े इमामबाड़े में ईद की नमाज सुबह 11 बजे
मौलाना फरंगी महली ने बताया कि 21 मार्च को ईद-उल-फित्र मनाई जाएगी। इसका ऐलान 19 मार्च की शाम साढ़े सात बजे कर दिया गया। मौलाना ने कहा ईदगाह में ईद की नमाज सुबह दस बजे होगी। ईदगाह में औरतों की नमाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं मौलाना कल्बे जवाद ने बताया कि आसिफी मस्जिद बड़े इमामबाड़े में ईद की नमाज सुबह 11 बजे होगी।
मस्जिद शाहमीना शाह में सुबह 8.30 बजे ईद की नमाज
लखनऊ शहर की मस्जिदों में होने वाली ईद की नमाज का वक्ता जारी कर दिया गया है। नदवा मस्जिद में सुबह आठ बजे, मस्जिद शाहमीना शाह में सुबह 8.30 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। इसके साथ ही मस्जिद तकवियतुल ईमाना में सुबह सात बजे, चांद वाली मस्जिद में सुबह नौ बजे, मस्जिद कादिर खां में सुबह साढ़े आठ बजे, मस्जिद एक मिनारा में सुबह 7 बजे, मस्जिद इब्राहिमी गली मीर माता में में सुबह साढ़े बजे, मस्जिद अबु बक्र में सात बजे, मस्जिद उमर में आठ बजे, मस्जिद सिद्दीकिया में सवा सात बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी।