लखनऊ। प्रदेश में भीषण गर्मी और तपिश लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अगले एक हफ्ते तक प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मंगलवार के लिए बुंदेलखंड के इलाके समेत 26 जिलों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी किया है। वहीं पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर आदि में उष्ण रात्रि यानी बेहद गर्म रात होने की भी बात कही है। इससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी सोमवार को 44.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं 44 डिग्री के साथ वाराणसी प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहा। वहीं हमीरपुर में 27.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रात रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में तापमान लगातार बढ़ रहा है। शुष्क पछुआ हवाओं और मौसम के प्रभाव से कई जिलों में लू चलने की स्थिति बन गई है। अगले पांच दिनों तक यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।