लखनऊ। होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रस्तावित परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार को बैठक की। बोर्ड ने 74 जनपदों के नोडल अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। श्रावस्ती जिले में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। 41 हजार पदों के लिए होने वाली परीक्षा में 25 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक 1053 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा की सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश से पहले आधार सत्यापन और बायोमेट्रिक जांच अनिवार्य की गई है। महिला अभ्यर्थियों की जांच अलग कक्ष में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और नीले या काले पेन के साथ ही केंद्र पर आने के निर्देश हैं, जबकि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और स्मार्ट कनेक्टिविटी वाले उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट कनेक्टिविटी वाले उपकरण परीक्षा केंद्र पर रहेंगे प्रतिबंधित
25, 26 व 27 अप्रैल को होगी परीक्षा, 41 हजार पदों के लिए 25 लाख अभ्यर्थी
गड़बड़ी की तो होगी सख्त कार्रवाई
परीक्षा केंद्रों को प्रत्येक पाली से पहले और बाद में सुरक्षा व शुचिता के मद्देनजर सैनिटाइज किया जाएगा। केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा, जो चेकिंग-फ्रिस्किंग के साथ संदिग्ध गतिविधियों और अनुचित साधनों पर नजर रखेगा। किसी भी गड़बड़ी पर केस दर्ज करने के निर्देश हैं। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए रेल और परिवहन विभाग को पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, धार्मिक चिह्नों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि को नहीं हटाया जाएगा।