लखनऊ। आरटीई के तहत प्रदेश में 1.08 लाख से अधिक गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश मिल चुका है। इस मामले में लखनऊ पहले और वाराणसी दूसरे स्थान पर हैं। आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ में 7952 और वाराणसी में 4957 बच्चों का प्रवेश हुआ है। इसके अलावा बुलंदशहर (4154), बदायूं (3599), मुरादाबाद (3246), आगरा (3086), कानपुर नगर (2476), गोरखपुर (2352), अलीगढ़ (2320) और गाजियाबाद (2209) भी आगे हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी है और जुलाई तक अधिक से अधिक पात्र बच्चों को योजना का लाभ दिलाने का लक्ष्य है। समग्र शिक्षा के उप निदेशक डॉ. मुकेश कुमार सिंह के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन और चयन प्रक्रिया से पारदर्शिता बनी है और बिना भेदभाव के बच्चों को प्रवेश मिल रहा है। इसके लिए लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है।
8