करोड़ों के गबन में चपरासी की दो पत्नियों समेत 7 बंदी
पीलीभीत। डीआईओएस कार्यालय में घोटाले के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी इलहाम की दो पत्नियों समेत सात महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार महिलाएं गाजियाबाद, बुलंदशहर, संभल और बिजनौर जिले की निवासी हैं। एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया था कि डीआईओएस कार्यालय में अटैच चपरासी इल्हाम उर रहमान शम्सी कार्यालय में वेतन बिल और टोकन जनरेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्य देख रहा था। उसने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी बेनिफिशियरी आईडी तैयार कर ट्रेजरी सिस्टम का दुरुपयोग किया। पुलिस ने अब तक 53 संदिग्ध खातों में करीब 5,50,54,594 रुपये की धनराशि फ्रीज करवाई।
रिश्तेदारों और परिचितों के खाते में ट्रांसफर की रकम
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने रिश्तेदारों और परिचितों के खातों में भारी रकम ट्रांसफर की। इसमें उसकी पत्नी लुबना के खाते में 2.37 करोड़ रुपये, दूसरी पत्नी अजारा खान के खाते में 2.12 करोड़ रुपये,साली फातिमा नवी के खाते में 1.03 करोड़ रुपये, सलहैज आफिया खान के खाते में 80 लाख से अधिक,सास नाहिद के खाते में 95 लाख रुपये, परिचित परवीन खातून के खाते में 48 लाख रुपये,आशकारा परवीन के खाते में 38 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। मामले में पुलिस ने लुबना और फातिमा निवासीगण मोहल्ला जगत थाना रामसत्ती जिला संभल, परवीन खातून निवासी मोहल्ला काजीपारा थाना कोतवाली जिला बिजनौर, आशकारा परवीन निवासी पार्श्वनाथ पैराडाइज मोहननगर जिला गाजियाबाद, अजरा खान, नाहिद और आफिया खान निवासीगण जामुन वाली गली थाना खुर्जा, जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार किया।