प्रयागराज,
राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) से ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) के माध्यम से 18 माह का डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी यूपी-टीईटी-26 में अवसर दिया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ के आदेश पर इन अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया है।
हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि ऐसे अभ्यर्थी जो 10 अगस्त 2017 या उससे पूर्व नियुक्त थे तथा 18 माह का डीएलएड-ओडीएल डिप्लोमा किया है, उन्हें यूपी-टीईटी में अनंतिम रूप से सम्मिलित होने दिया जाए। हालांकि अंतिम चयन एवं अभ्यर्थन न्यायालय में लंबित याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को सूचित किया कि वे वेबसाइट https://upessc.up.gov.in
उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी की सूचना हाईकोर्ट ने शामिल करने के दिए थे आदेश
पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तीन मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उपसचिव डॉ. संजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी अभ्यर्थियों का आवेदन पूरी तरह से औपबंधिक होगा तथा उच्च न्यायालय के अंतिम निर्णय के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आवेदन की आज अंतिम तिथि, 15 लाख भर चुके फार्म
यूपी-टीईटी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि रविवार है। अब तक लगभग 15 लाख अभ्यर्थी इसके लिए आवेदन कर चुके हैं। एनआईओएस से डीएलएड अभ्यर्थियों को अवसर मिलने के बाद आवेदकों की संख्या में वृद्धि तय है।