लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में लगभग आठ साल बाद जिले के अंदर सामान्य तबादले किए गए हैं। सोमवार देर रात जारी सूचना के अनुसार इस साल 20182 शिक्षकों के तबादले हुए हैं। इनको जल्द तबादले वाले स्कूल में ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिले के अंदर सामान्य तबादले के लिए 33484 ने किया था आवेदन
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इस बार गर्मी की छुट्टियों में एक के बाद एक तबादलों की प्रक्रिया अभियान चला कर और निर्धारित समय में पूरी की गई है। इसी क्रम में एक सप्ताह पहले जिले के अंदर
सामान्य तबादले के लिए आवेदन लिए गए थे।
इसके लिए प्रदेश भर में 33484 शिक्षकों ने आवेदन किया था। विभाग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर सोमवार देर रात इसका परिणाम जारी किया गया। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि कुल 20182 शिक्षकों का तबादला हुआ है। इनकी सूची
वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि तबादला पाए शिक्षकों को जल्द कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि एक जुलाई से शुरू हो रही पठन पाठन की प्रक्रिया को बेहतर किया जा सके। बता दें कि इससे पहले 2017 में जिले के अंदर सामान्य तबादले किए गए थे। तब से काफी संख्या में शिक्षक इसके लिए इंतजार कर रहे थे।