कुंडा। विद्यालय में हृदयगति रुकने से प्रधानाध्यापक अचेत हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हथिगवां के खिदिरपुर निवासी 50 वर्षीय राजेश मिश्रा बाबागंज विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय पूरे चेतीराम लरू में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। उन्होंने अपना एक मकान शांतिपुरम प्रयागराज में बनवा रखा था। वहीं से वह प्रतिदिन विद्यालय आते जाते थे। मंगलवार को जब विद्यालय खुला तो वह विद्यालय पहुंचे थे। दोपहर करीब एक बजे
अचानक उनके सीने में दर्द उठा और वह गश खाकर गिर पड़े। यह देख विद्यालय में मौजूद अन्य शिक्षक उन्हें उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए।
वहां से आनन-फानन में प्रयागराज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होते ही पत्नी निधि मिश्रा, बेटा रिषी मिश्रा, बेटी यशी व निशी मिश्रा समेत परिजनों में कोहराम मच गया। साथी के मौत की खबर सुनते ही शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई।