लखनऊ। प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में लगभग चार महीने पहले तैनात 543 नवनियुक्त प्रवक्ता और सहायक अध्यापकों को जल्द वेतन दिलाने की कवायद शुरू हो गई है। विभाग ने इसके लिए सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि इन शिक्षकों का तत्काल
वेतन स्वीकृत करके, प्रयागराज निदेशालय को सूचित करें। अपर शिक्षा निदेशक राजकीय अजय कुमार द्विवेदी की ओर से सभी डीआईओएस को जारी पत्र में कहा गया है कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के लिए लोक सेवा आयोग से 543 सहायक अध्यापक व प्रवक्ता चयनित हुए थे। इन्हें आठ मई को मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद विद्यालयों में कार्यभार दिया गया गया था। किंतु अभी

तक मूल अभिलेख सत्यापन संबंधित विश्वविद्यालय, संस्था बोर्ड से न होने के कारण वेतन नहीं जारी हुआ है।
उन्होंने सभी डीआईओएस को निर्देश दिया कि जिन शिक्षकों ने विद्यालय में कार्यभार ग्रहण कर लिया और कार्यरत हैं। कार्यभार संभालने की तिथि से अभी तक वेतन नहीं जारी हुआ है। इन शिक्षकों का तत्काल वेतन स्वीकृत किया जाए। इससे दिवाली से पहले शिक्षकों को वेतन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। बता दें कि इन शिक्षकों ने पिछले दिनों निदेशालय को भेजे पत्र में कहा था कि कई त्योहार आने वाले हैं लेकिन वेतन न मिलने की वजह से हम अपनी नियुक्ति की खुशी तो मना ही नहीं सके। विभाग की लापरवाही से हमारा त्योहार भी खराब होने जा रहा है।