गोसाईगंज, । कूरेभार ब्लॉक के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में अध्यनरत कक्षा सात की छात्रा से अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। एक छात्रा के पिता का आरोप है कि 23 फरवरी को विद्यालय के एक सहायक शिक्षक ने उसकी बेटी को बाथरूम के पीछे ले जाकर छुआ और अनुचित टिप्पणी की। जब उसने विरोध किया तो उसे जाति सूचक गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचकर छात्रा ने परिवारजन को घटना की जानकारी दी।
छात्रा के पिता ने संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार के सदस्यों के
साथ गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण भी विद्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी सहायक शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा काटा। खण्ड शिक्षा अधिकारी उदयराज मौर्या ने बताया मामला संज्ञान में है। वह स्वयं जांच करने विद्यालय गए थे। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी सहायक अध्यापक निलंबित : कूरेभार ब्लॉक के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा सात की 14 छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले सहायक अध्यापक को प्रभारी बीएसए शिवशंकर मिश्र ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।