प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। यूपी बोर्ड से जुड़े 652 स्कूलों ने इंटरमीडिएट के 34,637 परीक्षार्थियों के प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक अपलोड नहीं किए। इससे इन परीक्षार्थियों के परिणाम बनाने में अड़चन आ गई है। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने संबंधित स्कूलों को परीक्षार्थियों की अनुक्रमांकवार सूची भेजते हुए छह और सात अप्रैल को अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।

इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा 2026 दो चरणों में 24 जनवरी से एक फरवरी तक तथा दो से नौ फरवरी तक आयोजित की गई। इस दौरान कुछ विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं अवशेष रहने तथा ऑनलाइन अंक अपलोड न होने के कारण प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथि 13 फरवरी तक बढ़ाई गई थी। ऑनलाइन डेटा के परीक्षण से यह पता चला है कि बाह्य परीक्षकों के स्तर से परीक्षार्थियों के प्राप्तांक अपलोड किए जाने के बाद भी 652 प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक परीक्षकों ने विद्यालय लॉगइन
परीक्षार्थियों के परिणाम बनाने में आ गई अड़चन यूपी बोर्ड सचिव ने दो दिन का दिया मौका
के माध्यम से अंक अपलोड नहीं किए हैं जिससे लगभग 34,637 परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम प्रभावित होने के हालात बन गए हैं।
छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा में आंतरिक परीक्षकों के स्तर से अवशेष प्राप्तांकों को अपलोड करने के लिए छह और सात अप्रैल को वेबसाइट दोबारा खोलने का निर्णय लिया गया है। सचिव ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वेबसाइट upmsp.edu.in के होम पेज पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से प्राप्तांकों को अपलोड कराना सुनिश्चित करें। प्राप्तांक अपलोड न करने पर संबंधित परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हो जाएंगे। परीक्षक और प्रधानाचार्य के अलावा डीआईओएस की पूरी जिम्मेदारी होगी।