राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की 3133 पदों की ग्राम विकास अधिकारी भर्ती-2016 की उत्तरकुंजी पर की गई कुछ आपत्तियों पर विचार नहीं किए जाने के आरोप अभ्यर्थियों ने लगाए हैं। एक अभ्यर्थी अशोक यादव ने हाई कोर्ट में याचिका लगाई। कोर्ट ने आपत्ति को सही माना।
कोर्ट ने आदेश दिया कि याची के परिणाम को 15 दिन में संशोधित कर अगले एक महीने में नियुक्ति की सिफारिश की जाए। अभ्यर्थियों ने बताया कि इस भर्ती का फाइनल कटआफ 77 अंक था। एक दो अंकों से चूके अभ्यर्थियों की आपत्तियों पर विचार किया जाता तो वह भी चयनित हो जाते। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मांग की है कि आपत्तियों पर विचार कर संशोधन के बाद मेरिट में आने वालों के चयन की संस्तुति की जाए। छात्र युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय यादव ने आरोप लगाया है कि इस
याची के समान कटआफ अंक वालों को नियुक्ति प्रक्रिया में सम्मिलित करने की मुख्यमंत्री से मांग
भर्ती में अभी चार प्रश्नों के उत्तर विवादित हैं। हमीरपुर के प्रदीप राजपूत ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग चार प्रश्नों के उत्तरों पर आपत्ति जताते हुए प्रत्यावेदन दिया था, लेकिन उस पर बिना सुधार किए मेरिट सूची तैयार की गई। उनके 75 अंक हैं। जौनपुर के पवन कुमार की आपत्ति भी दरकिनार किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिनके 77 अंक हैं। इस कारण कई उम्मीदवार जो चयन के भागीदार थे, उनको असफलता मिली। ऐसे में मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया गया है कि यदि विवादित प्रश्नों के उत्तरों को संशोधित कर दिया जाए, तो एक-दो अंकों से चूके अभ्यर्थी अंतिम कटआफ से अधिक अंक पाकर चयन सूची में शामिल हो जाएंगे और इस भर्ती के रिक्त रह गए पद भी भर जाएंगे।