13 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस, जांच रिपोर्ट में भोजन सही मिला
अमेठी सिटी। जामों ब्लॉक सभागार में जनगणना प्रशिक्षण के दौरान खराब भोजन वितरण का बयान देने के मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। प्राथमिक विद्यालय टिकरा के प्रधानाध्यापक ओम नारायण पांडेय को निलंबित कर दिया गया है, जबकि 13 शिक्षकों और अनुदेशकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी प्रसारित करने के मामले में संबंधित यूजर पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशिक्षण के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को शिक्षकों ने लंच पैकेट की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। शिकायत सामने आने के बाद तहसीलदार सूरज प्रताप के नेतृत्व में जांच कराई गई।

जांच रिपोर्ट में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। साथ ही कुछ शिक्षकों पर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया में बयान देने से विभाग की छवि प्रभावित होने की बात सामने
आई। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। तहसीलदार ने जामों थाने में तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार राजभर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुनवाई के बाद होगा अंतिम निर्णय
बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय टिकरा के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर ब्लॉक संसाधन केंद्र बहादुरपुर से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच बीईओ राकेश कुमार सचान को सौंपी गई है। राम ललन दूबे, प्रमोद कुमार मिश्र, विवेक, सत्येंद्र कुमार यादव, अर्जुन साहू, सुमन, रवींद्र कुमार पांडेय, जय प्रकाश गुप्ता, आशीष कुमार सिंह, रवींद्र कुमार, मोहम्मद मोबीन, अनीश अहमद और आशा धानुक को नोटिस जारी हुआ है। सभी से निर्धारित समय में स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी पक्षों की सुनवाई के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने या सुनवाई में अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।