समालखा (पानीपत)। यूपी पुलिस ने पानीपत के समालखा में एनसीईआरटी की नकली किताबों की छपाई करने वाली एक फैक्टरी पर छापा मारकर सील कर दिया। यहां छपी किताबों को यूपी, उत्तराखंड, बिहार, दिल्ली व राजस्थान में बेचा जा रहा था। इस मामले में मेरठ निवासी राजू शर्मा, ताराचंद, सतेंद्र, जावेद, आदिल मेवाती, अनिल चौहान, राहुल राणा और अमित सैनी को गिरफ्तार किया गया है। यह फैक्टरी दो महीने पहले गोदाम के लिए किराये पर ली गई थी। पुलिस ने करीब तीन करोड़ की किताबें भी जब्त की हैं। मुज्जफरनगर एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि खतौली पुलिस व एसओजी ने पुराने चीलत क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से एनसीईआरटी की नकली किताबें बरामद कीं। इनको समालखा के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में छापा गया था।
