बाराबंकी : हार्ट अटैक की आशंका, नहीं कराया गया पोस्टमार्टम
बाराबंकी। शहर के लखपेड़ाबाग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को कक्षा 11 की छात्रा नंदिनी (16) क्लास में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में स्कूल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूल में पढ़ाई रोक दी गई। क्योंकि एक जुलाई को शहर में ही एक दूसरे स्कूल गेट पर कक्षा सात के छात्र की मौत हो गई थी।

टिकैतनगर थाना क्षेत्र के गुलामपुरवा मजरे पूरे डलई निवासी राजित राम क्षेत्र में ही फूलचंद चौराहे के पास पेस्टिसाइड की दुकान चलाते हैं। इनकी सात बेटियां व दो बेटे हैं। नंदिनी अपनी दो बड़ी बहनों सविता और सुधा के साथ शहर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सुधा नीट की तैयारी कर रही है, जबकि श्वेता डिग्री कॉलेज में पढ़ती है। स्कूल के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र प्रताप ने
बताया कि घटना गणित का पीरियड खत्म होने के बाद की है। नंदिनी क्लास में सामान्य तरीके से बैठी थी और अचानक बेहोश होकर गिर गई। उसे दूसरी मंजिल से नीचे लाकर जिला अस्पताल ले जाया गया, मगर 15 मिनट बाद ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी नाक से खून आया था। छात्रा की रौत से अवाक शिक्षक व कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंचे। नंदिनी की दोनों बहनें भी मौके पर पहुंचीं और शव देखते ही बेसुध हो गईं।
पिता राजित राम ने रोते हुए पोस्टमार्टम न कराने की बात कही और शव को सीधे गांव लेकर चले गए। शहर कोतवाल आरके राणा ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, लिहाजा शव को गांव भेज दिया गया। वहीं, जिला अस्पताल के अधीक्षक व वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. राजेश कुशवाहा ने प्रथम दृष्टया साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है।