लखनऊ: पिछले दो-तीन दिनों से राजधानी समेत प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने से उमस और गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वांचल और बुंदलेखंड समेत 25 से अधिक जिलों में बुधवार और गुरुवार को भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, लखनऊ व 40 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला तीन से चार दिनों तक जारी रहेगा।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून प्रदेश में सक्रिय है। बारिश का सिलसिला पूरे सप्ताह बने रहने के संकेत हैं। अगले दो दिन यूपी के दक्षिणी जिलों में जोरदार बारिश होगी। खासकर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, महोबा, झांसी, ललितपुर में भारी वर्षा की संभावना है। इन जिलों में वज्रपात हो सकता है। इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर में वज्रपात और तेज हवा के साथ भारी बरसात के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ में तीन-चार दिनों तक हल्की से मध्यम बरसात होगी।
आज बुंदेलखंड में भारी बारिश की चेतावनी
लखनऊ। प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। इस बीच मौसम विभाग की ओर से बुधवार को सोनभद्र, प्रयागराज मिर्जापुर और बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर, महोबा समेत कुल नौ जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर समेत 13 अन्य जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट है। साथ ही 36 जिलों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मंगलवार को प्रदेश में सर्वाधिक लखीमपुर खीरी में 212 मिलीमीटर तो वहीं बाराबंकी में 165 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस समय ट्रफ लाइन कानपुर के ऊपर से गुजर रही है। बुधवार को बुंदेलखंड, दक्षिणी यूपी और विंध्य क्षेत्र में भारी बारिश के संकेत हैं।