फतेहपुर। अभिभावकों की मुखर हो रही आवाज पर बेसिक शिक्षा विभाग स्कूलों के विलय के नियम और शर्तों – पर पुनः विचार करने की योजना बना रहा है। इसके लिए जल्द ही बीईओ की बैठक में उनसे स्कूलों की अधिक दूरी व 50 से अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों के प्रस्ताव मांगें जाएंगे।

जिले 2123 परिषदीय स्कूल हैं। इनमें 108 स्कूल नजदीकी स्कूलों में मर्ज कर दिए गए हैं। अन्य कई स्कूल मर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके विरोध में गांव-गांव बेसिक शिक्षा विभाग के विरोध में आवाज उठ रही है।
अभी हाल में विजयीपुर ब्लाक के खखरेरू में 52 छात्र संख्या वाले स्कूल को 22 छात्र संख्या वाले स्कूल में मर्ज करने का खासा विरोध हुआ। इस तरह के विरोध कई गांवों में हो चुके हैं।
अभिभावकों का कहना है कि उनके यहां का स्कूल बंद कर एक किमी से दूर स्कूल में मर्ज किया गया है। इससे छोटे बच्चे कैसे स्कूल पहुंचेंगे। इस बात को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने नियम और शतों में नरमी बरतने की योजना तैयार की है। जिन गांवों से नजदीकी स्कूल एक किमी से दूर है, वहां का स्कूल खोला जा सकता है।
इसको लेकर शुक्रवार को बीईओ की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन कई बीईओ के अवकाश पर होने के कारण बैठक नहीं हो पाई। (संवाद)