प्रयागराज। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पेट) – 2025 के माध्यम से विभिन्न – विभागों के पदों के लिए मुख्य परीक्षा का विज्ञापन जारी किया जाना है। छात्र युवा संघर्ष समिति के द्वारा 22 दिसंबर को दोपहर एक बजे चंद्रशेखर आजाद पार्क में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के पास मीटिंग रखी गई है जिसमें अभ्यर्थियों द्वारा विभिन्न भर्तियों के लिए श्रेणीवार कॉमन कटऑफ निर्धारित करने की मांग आयोग से की जाएगी।

छात्र युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय यादव का कहना है कि विभिन्न विज्ञापन के लिए अलग-अलग कटऑफ निर्धारित किए जाने पर यह देखा गया है कि
पेट में शीर्ष अंक प्राप्त करने वाले सीमित संख्या के अभ्यर्थी लगभग सभी विज्ञापित पदों में शॉर्टलिस्ट हो जाते हैं। परिणाम स्वरूप वही अभ्यर्थी कई पदों की मुख्य परीक्षाओं में सम्मिलित होते हैं। इससे योग्य पर अपेक्षाकृत कम अंक प्राप्त करने वाले अन्य अभ्यर्थियों को अवसर से वंचित होना पड़ता है।
इस प्रकार की ओवर लैपिंग न केवल अवसरों के समान वितरण के सिद्धांत के विपरीत है बल्कि चयन प्रक्रिया की व्यापकता व समावेशिता को भी प्रभावित करती है। पेट में श्रेणीवार कॉमन कटऑफ निर्धारित किया जाता है तो अधिक संख्या में अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त होगा। इससे चयन प्रक्रिया अधिक संतुलित एवं न्याय संगत बन सकेगी।