शनिवार शाम दिखेगी ग्रहों की अद्भुत परेड, जानिए आख़िरकार क्या है यह प्लेनेट परेड
वाराणसी। आगामी 28 फरवरी को आसमान में ग्रहों की परेड दिखेगी। शनिवार को सूर्यास्त के बाद आसमान में छह ग्रहों को एक कतार में देखा जा सकेगा। खास बात यह है कि इस बार पिछले वर्षों की अपेक्षा ज्यादा साफ प्लेनेट परेड देखी जा सकेगी।
साल की इस पहली प्लेनेट परेड को देखने के लिए देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के साथ बीएचयू के भौतिकी विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ आईयूका (इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स) से जुड़े सदस्य और खगोल विज्ञानी भी तैयारी कर रहे हैं। बनारस के युवा खगोल विज्ञानी वेदांत पांडेय ने बताया कि 28 फरवरी को सूर्यास्त के बाद आसमान में शुक्र, गुरु, शनि और बुध को नंगी आंखों से देखा जा सकेगा, जबकि नेपच्यून और यूरेनस को देखने के लिए छोटी दूरबीन की जरूरत पड़ेगी।