लखनऊः प्रदेश सरकार ने इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट आनलाइन ट्रेनिंग (आइगाट) कर्मयोगी प्लेटफार्म पर देश के कुल शिक्षण में लगभग 40 प्रतिशत का योगदान सुनिश्चित किया है। उत्तर प्रदेश ने ‘ओवरआल बेस्ट परफार्मेंस’ श्रेणी में देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। ‘साधना सप्ताह’ के दौरान प्रदेश के 11.3 लाख से अधिक कर्मचारियों ने न्यूनतम चार घंटे का प्रशिक्षण पूरा किया है।
मिशन कर्मयोगी साधना सप्ताह
(दो से 10 अप्रैल) के दौरान प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों ने अपनी कार्यक्षमता, कार्यक्षेत्र एवं व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन हासिल किया है। इस दौरान 14.25 लाख कर्मियों द्वारा 1.25 करोड़ से अधिक शिक्षण घंटे पूर्ण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि राज्य के कार्मिकों की सक्रिय सहभागिता, उच्च स्तर की प्रतिबद्धता, अनुशासन और लगातार सीखने के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण का प्रतिफल है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों-कर्मचारियों व नोडल संस्था ‘उपाम’ की टीम को बधाई दी है।