प्रयागराज : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने लंबित शिक्षक भर्तियों की परीक्षा आयोजन के बीच नई शिक्षक भर्तियों के लिए भी तैयारी तेज कर दी है। एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक पदों की भर्ती के लिए नियमावली में संशोधन (बी नियमावली) का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसमें साक्षात्कार के अलावा लिखित परीक्षा को भी सम्मिलित करने के साथ साक्षात्कार व परीक्षा के लिए अंकों का निर्धारण भी प्रस्तावित किया गया है। लिखित परीक्षा 360 अंकों की होगी, जबकि साक्षात्कार 40 अंकों के होंगे। यही व्यवस्था महाविद्यालयों के प्राचार्य व असिस्टेंट प्रोफेसर पदों की भर्ती में भी लागू होगी।
अभी एडेड माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य पदों पर भर्ती केवल साक्षात्कार के माध्यम से होती थी और यह भर्तियां उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड कराता था। अब एडेड महाविद्यालयों के साथ एडेड माध्यमिक विद्यालयों सहित कुछ अन्य शिक्षण संस्थानों की शिक्षक भर्तियां करने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का गठन हो चुका है। आयोग के दूसरे पूर्णकालिक अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार लंबित सभी भर्ती परीक्षाओं के आयोजन की रूपरेखा तय कर चुके हैं। इस क्रम में विज्ञापन संख्या 51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 910 पदों के लिए लिखित परीक्षा कराई जा चुकी है।
एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य के करीब 1500 व प्रधानाध्यापक के एक हजार से ज्यादा पद रिक्त हैं। इसके अलावा महाविद्यालयों के लिए प्राचार्य के 100 से अधिक पद रिक्त हैं।