संसू, नैनी : घर में आकर ट्यूशन पढ़ाने
वाले शिक्षक ने दो छात्रों को डरा धमका कर घर में रखे करीब 30 हजार रुपये और सोने के आभूषण पार कर दिए। घर में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
नैनी थाना क्षेत्र के आनंद नगर मुहल्ला निवासी पंकज शुक्ला पेशे से अधिवक्ता है। उनकी तहरीर के मुताबिक उनका बेटा सानिध्य शुक्ला और पड़ोस में रहने वाले अखिलेश कुमार शुक्ला के पुत्र श्रेयांश शुक्ला को मेजा थाना क्षेत्र के भैया गांव निवासी रोहित दुबे पुत्र राजेश कुमार दुबे ट्यूशन पढ़ाता था। वह दोनों
को अश्लील वीडियो दिखाकर उनके अंदर दहशत पैदा कर दिया था इसके बाद वह घर से पैसा लाने का दबाव डालता था। इस पर सानिध्य शुक्ला ने अपने घर में रखे करीब 28 हजार रुपये और सोने के चार तोले का हार लाकर दे दिए।
इसके बाद श्रेयांश के ऊपर दबाव डालकर करीब तीन हजार रुपये ले लिए थे। रुपए और आभूषण गायब होने पर घर वालों ने जब शक के आधार पर पूछताछ की तब मामले की जानकारी हुई। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।