नगर क्षेत्र शिक्षक भर्ती में बरेली सबसे आगे, 888 पदों पर होगी नियुक्ति
लखनऊ। प्रदेश के नगर क्षेत्र स्थित परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने 11,508 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है। विभाग अब जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की तैयारी में जुट गया है।
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सूरज तिवारी की ओर से आयोग को भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सबसे अधिक 888 पद बरेली में खाली हैं। इसके बाद कानपुर नगर में 758, मेरठ में 635, अलीगढ़ में 492, सहारनपुर में 448 और लखनऊ में 444 पदों पर भर्ती की जाएगी।
अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में रिक्तियां मौजूद हैं। इनमें शामली में 161, देवरिया में 131, लखीमपुर खीरी में 154, सिद्धार्थनगर में 152, एटा और जौनपुर में 151-151, मुरादाबाद में 127, इटावा में 125, उन्नाव और कौशांबी में 128-128 तथा सीतापुर में 111 पद शामिल हैं।
शिक्षा विभाग का कहना है कि लंबे समय से नगर क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी बनी हुई थी। नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से न केवल स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। वहीं अभ्यर्थियों में भर्ती प्रक्रिया को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।