यूपी समेत कई राज्यों में लू का रेड अलर्ट दिल्ली में 14 साल की सर्वाधिक गर्म रात
नई दिल्ली। गर्मी और जानलेवा लू ने पूरे उत्तर भारत को चपेट में ले लिया है। दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश का बांदा देश में फिर सबसे गर्म रहा। यहां बीते 24 घंटे में 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिन के साथ रातें भी बेहद गर्म हो गई हैं। दिल्ली में बुधवार को रात का तापमान 31.9 डिग्री रहा, जो 14 साल में सबसे ज्यादा है। वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में गंभीर लू की स्थिति बनी रहने की भविष्यवाणी करते हुए रेड एवं ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वैसे विभाग ने 72 घंटे में कुछ इलाकों में राहत के आसार भी जताए हैं। दो पश्चिमी विक्षोभों और अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय चक्रवाती स्थिति के असर से देश के 13 से ज्यादा राज्यों में आंधी, बारिश से तापमान गिरने की संभावना है। ब्यूरो