अमरोहा: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि शिक्षक विद्यालयों को सुंदर और आकर्षक बनाएं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। क्योंकि, उनके ऊपर ही बच्चों का भविष्य टिका
है। वह शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे होटल रुद्र रिजार्ट में आयोजित भाकियू शिक्षक प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। इसलिए शिक्षक संगठित होकर कार्य करें। बच्चों को अच्छी शिक्षा देना, उनका प्रमुख दायित्व है। इसको ईमानदारीपूर्वक निभाएं। इस दौरान उन्होंने राकेश कुमार को शिक्षक प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष, व सचिन गंधार को महामंत्री घोषित किया। इसके अतिरिक्त प्रदीप गौतम को वरिष्ठ उपाध्यक्ष

नामित किया। कहा कि ज्यादा से ज्यादा शिक्षकों को संगठन की सदस्यता ग्रहण करानी है। सभी शिक्षक एकजुट होकर काम करें। प्रदेश उपाध्यक्ष भाकियू चौधरी दानवीर सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए पदाधिकारी कार्य करें। ताकि, शिक्षकों की समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया जा सके और निस्तारण कराया जा सके। यहां भाकियू पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रविंद्र सिंह के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी रामपाल सिंह आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। यहां पुरजीत सिंह, सुधीर बालियान, अनुराग सिंह, चौधरी हेमराज कोहली, मोहित कटारिया, सतेंद्र सिंह, राजकुमार सिंह, आंचल सिंह, अतुल सिंह, प्रियंका प्रजापति, कंचन मालासी, काजल गौतम, विकास चौहान, जोगिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।