प्रयागराजः यूपी बोर्ड की 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा नकलविहीन संपन्न कराने के लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण आनलाइन माध्यम से किया जाएगा। नीति जारी कर दी गई है।

केंद्र निर्धारण नीति के अनुरूप केंद्र बनाने की कार्यवाही 10 नवंबर से 30 दिसंबर तक आनलाइन की जाएगी। समयसारिणी जारी की गई है। पोर्टल पर अपलोड विवरणों का भौतिक सत्यापन टीम द्वारा कराए जाने की योजना यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने तैयार की है। सभी कार्यवाही परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in के माध्यम से की जाएगी। उधर, परीक्षा के लिए शासन के उप सचिव संजय कुमार ने शनिवार को केंद्र निर्धारण नीति जारी कर दी।
इसमें कई नई व्यवस्था की गई है। यह पहली बार है जब केंद्र निर्धारण में आनलाइन उपस्थिति अंकित करने वाले विद्यालयों को केंद्र बनाने में 10 अंक निर्धारित किए गए हैं। विद्यालय की धारण क्षमता पर भी पहली बार अंक निश्चित किए गए हैं।
यही नहीं, परीक्षक उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने के साथ अवार्ड ब्लैंक (परीक्षार्थी को मिले अंकों के विवरण का अभिलेख) पर अंक तो अंकित करेंगे ही, साथ ही परिषद के पोर्टल पर पहली बार अंक प्रदान करेंगे।